भारत को सेमीकंडक्टर निर्माण और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गांधीनगर में जल्द ही ‘समर्थ’ (Semiconductor Manufacturing and Advanced Research & Training Hub) की स्थापना की जाएगी। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेमीकंडक्टर विजन और भारत को वैश्विक चिप निर्माण केंद्र बनाने के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। यह केंद्र सेमीकंडक्टर डिजाइन, अनुसंधान, परीक्षण, उन्नत प्रशिक्षण, नवाचार तथा उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देगा। ‘समर्थ’ केंद्र के माध्यम से युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा और सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार किए जाएंगे। साथ ही, यह केंद्र स्टार्टअप, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा, जिससे नई तकनीकों के विकास और स्वदेशी नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे भारत में उच्च-प्रौद्योगिकी विनिर्माण को मजबूती मिलेगी और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में देश की भागीदारी भी बढ़ेगी। आज के डिजिटल युग में सेमीकंडक्टर हर आधुनिक तकनीक की आधारशिला हैं। मोबाइल फोन, कंप्यूटर, इलेक्ट्रिक वाहन, दूरसंचार, रक्षा, चिकित्सा उपकरण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकों का आधार सेमीकंडक्टर चिप्स ही हैं। ऐसे में अनुसंधान, नवाचार, स्वदेशी डिजाइन, कुशल मानव संसाधन और स्थानीय विनिर्माण पर जोर देकर भारत तकनीकी आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। ‘डिज़ाइन इन इंडिया, डेवलप इन इंडिया और मेक इन इंडिया’ की अवधारणा को साकार करने में ‘समर्थ’ केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को नई गति प्रदान करेगा।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in