अब व्यापारियों के हितों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर उठेगी आवाज

भिवानी, 02 जुलाई : वीरवार को शहर के एक निजी रेस्टोरेंट में स्वदेशी व्यापारी मंच भिवानी की एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में शहर के कोने-कोने से आए अनेक प्रमुख व्यापारियों ने हिस्सा लिया और व्यापारिक हितों तथा संगठन की आगामी रणनीतियों पर गंभीर मंथन किया। बैठक को मुख्य रूप से स्वदेशी व्यापारी मंच हरियाणा प्रांत के संयोजक अमित बंसल मुंढालिया ने संबोधित किया। उन्होंने उपस्थित व्यापारियों को मंच की कार्यप्रणाली, विचारधारा और उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। व्यापारियों को संबोधित करते हुए अमित बंसल मुंढ़ालिया ने कहा कि आज देश में व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए खंड, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अनेक संगठन सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। लेकिन अक्सर देखा जाता है कि सही मंच न मिलने के कारण व्यापारियों की जायज मांगें और उनके हितों के मुद्दे सिमट कर रह जाते हैं। ऐसे में एक ऐसे अखिल भारतीय स्तर के मजबूत व्यापारिक मंच की सख्त आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो सीधे राष्ट्रीय स्तर पर व्यापारियों की आवाज बुलंद कर सके। अमित बंसल ने मंच की पृष्ठभूमि की जानकारी देते हुए बताया कि इसी आवश्यकता को देखते हुए बीते दिनों स्वदेशी जागरण मंच की अखिल भारतीय बैठक आयोजित की गई थी। इस उच्च स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से स्वदेशी जागरण मंच के अंतर्गत स्वदेशी व्यापारिक मंच का गठन करने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया। इस नए संगठन में हरियाणा प्रांत की कमान भिवानी के ही अमित बंसल मुंढ़ालिया को सौंपी गई थी। प्रांत संयोजक ने बताया कि इसी राष्ट्रव्यापी और राज्यव्यापी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आज भिवानी जिला की कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इसके लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख व्यापारियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। बैठक में सभी व्यापारियों और पदाधिकारियों की सहमति से संदीप मित्तल भूत को स्वदेशी व्यापारी मंच का जिला संयोजक नियुक्त किया गया। इसके साथ ही संगठन को सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्यकारिणी सदस्य भी मनोनीत किए गए। जिसमें किरयाणा मार्केट से गोपाल कुम्हारीवाला व प्रवीण, पुरानी मंडी से संदीप अग्रवाल चीनी वाला व प्रकाश मोडा, बर्तन बाजार से राजेश चांगिया, बुक सेलर से राहुल बासिया, पतराम गेट से मनीष मैदावाला, कपड़ा मार्केट से सुरेश बासिया व त्रिलोक, सर्राफा से मनोज सैनी, मैडिकल से अनुराग शर्मा, टेलर से रमेश, बिल्डिंग मैटीरियल से सचिन सिंगला शामिल रहे। व्यापारियों के मंच के लिए अधिवक्ता प्रवीण सिंगल को भी नियुक्त किया गया। अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त संयोजक संदीप मित्तल भूत ने कहा कि संगठन ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी है, मैं उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करूंगा। भिवानी के व्यापारियों की समस्याओं को हर स्तर पर उठाना और स्वदेशी की भावना को व्यापार जगत में आगे बढ़ाना हमारी मुख्य प्राथमिकता होगी। जल्द ही जिला कार्यकारिणी का विस्तार कर हर छोटे-बड़े व्यापारी को इस मंच से जोड़ा जाएगा। बैठक के समापन पर उपस्थित सभी व्यापारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वदेशी व्यापारी मंच के प्रांत प्रमुख अमित बंसल, स्वदेशी जागरण मंच भिवानी के जिला संयोजक धीरज सोनी, जिला सह-संयोजक अतुल गुप्ता, कोषाध्यक्ष विजय टुटेजा, नगर संयोजक संदीप गोयल, संजय खिचुका भी मौजूद रहे।

Tara Chand
25
Get In Touch

Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022

+91 80031 98250

info@mysba.co.in

Follow Us
Useful link

About Us

Contact Us